तुरंत किसानों की सुध ले सरकार-माजरा
आगजनी व बारिश से खराब हुई फसल के लिए मुआवजा दिया जाए, तुरंत करवाए विशेष गिरदावरी
मंडियों में हालात बद्दतर, किसानों से किए वायदे को पूरा करे सरकार
इंडिया गौरव ब्यूरो कैथल 19 अप्रैल। पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा ने कहा कि प्रदेश में आए तूफान व बारिश सहित आगजनी के कारण फसलों का जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई के लिए सरकार तुरंत विशेष गिरदावरी करवाए। साथ ही किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। माजरा ने कहा कि सरकार किसान हितैषी होने का दावा कर रही है लेकिन वास्तव में किसानों का शोषण किया जा रहा है। खेतों में आगजनी, बारिश व तुफान के कारण किसानों का भारी नुकसान हुआ है, वहीं मंडियों में किसानों को उनकी फसल के लिए भुगतान नहीं मिल पा रहा है। मंडियों से उठान नहीं हो रहा। महज २५ प्रतिशत तक उठान हुआ है। जब तक गोदामों में गेहूं नहीं पहुंच जाता, तब तक किसानों को भुगतान नहीं होगा। मंडियों में उठान की कोई व्यवस्था नहीं है। किसान व आढ़ती परेशान हैं। उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। माजरा ने कहा कि सरकार केवल किसान हितैषी होने का ढोंग रच रही है। किसानों की आज मंडियों में कोई सुध लेने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि किसान ही नहीं मौजूदा सरकार के कार्यकाल में सभी वर्ग दुखी हैं। भ्रष्टाचार का बोलबाला है। हर रोज बड़े-बड़े भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं। आमजन को अपने कार्यों के लिए भटकना पड रहा है। माजरा ने कहा कि इनेलो द्वारा सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की जा रही है। जल्द ही संगठन मजबूती के लिए अभियान चलाया जाएगा। इनेलो कार्यकर्ता सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच लेकर जाएं। उन्हें बताएं कि किस तरह से सरकार केवल किसान व आमजन हितैषी होने का ढोंग रच रही है। असल में आमजन इस सरकार के कार्यकाल में परेशान है। एचकेआरएन से कर्मचारी हटाए जा रहे हैं। जबकि सरकार चुनाव से पूर्व वाहावाही लूट रही थी कि कच्चे कर्मचारियों की नौकरी को पकका कर दिया गया है। किसी कर्मचारी को हटाया नहीं जाएगा। आज अनेकों विभाग ऐसे हैं, जहां कर्मचारियों का अनुबंध नहीं बढ़ा है। उन पर या तो छंटनी की तलवार लटकी हुई है। या फिर वे अपनी नौकरी से हाथ धो बैठे हैं। माजरा ने कहा कि सरकार की पोल खोलने के लिए इनेलो कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर इन जनविरोधी नीतियों की जानकारी दें।
Comments
Post a Comment