केंद्र व प्रदेश सरकार निरंतर किसानों के कल्याणार्थ कर रही कार्य : सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा..
गन्ने का सर्वाधिक भाव देने वाला हरियाणा पहला राज्य..
सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने किसानों से की गन्ने का क्षेत्र बढ़ाने की अपील..
सहकारी शुगर मिल के 34वें पिराई सत्र का हुआ शुभारंभ..
कैथल,6 दिसंबर : हरियाणा के सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार निरंतर किसानों के कल्याणार्थ कार्य कर रही हैं। देश में हरियाणा पहला राज्य है, जहां किसानों को गन्ने का सर्वाधिक भाव मिल रहा है। आगामी गन्ना सीजन 2025-26 के लिए किसानों को विभिन्न प्रकार की सुविधाओं को उपलब्ध करवाने के लिए मिल द्वारा गन्ना विकास योजना तैयार की गई है। गन्ना किसानों को मिल में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी और उनकी पेमेंट का समय पर भुगतान किया जाएगा।
हरियाणा के सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेस के माध्यम से दी कैथल सहाकरी चीनी मिल्ज लिमिटेड के 34वें पिराई सत्र की विधिवत रूप से शुरुआत करने उपरांत किसानों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सबसे पहले हवन किया गया। उसके बाद विशिष्ट अतिथि हरियाणा राज्य सहकारी चीनी मिल्ज प्रसंघ लिमिटेड पंचकूला के अध्यक्ष धर्मबीर सिंह डागर, विधायक सतपाल जांबा, शुगर मिल चेयरपर्सन एवं डीसी प्रीति, भाजपा जिला अध्यक्ष मनीष कठवाड़, भाजपा नेता अशोक गुर्जर सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने मशीन में पिराई के लिए गन्ना डालकर पिराई सत्र की शुरूआत की।डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में किसानों की भलाई के लिए कार्य कर रही है। सरकार हर वर्ग की भलाई के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों के खेत में खड़े गन्ने की एक-एक पोरी खरीदी जाएगी और किसानों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे गन्ने का क्षेत्र बढ़ाने के साथ साथ पैदावार भी बढ़ाए। जो लोग गन्ने की फसल छोड़ चुके हैं, वे दोबारा से गन्ने की फसल को अपनाएं। इससे न केवल आपकी आय बढ़ेगी, बल्कि जमीन की उर्वरा शक्ति भी मजबूत होगी। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि हरियाणा जवान, किसान व पहलवानों का प्रदेश है। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने के लिए सभी वर्ग अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
हरियाणा राज्य सहकारी चीनी मिल्ज प्रसंघ लिमिटेड पंचकूला के अध्यक्ष धर्मबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश की सभी मिलों को समय रहते चलाया गया है। प्रदेश सरकार किसानों के हित के लिए प्रतिबद्घ है। किसानों को पिराई सत्र में किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी और समय पर फसल का भुगतान किया जाएगा।
कैथल सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक कृष्ण कुमार ने बताया कि हैफेड चीनी मिल में वर्ष 2016-17, 2018-19 तथा 2019-20 के दौरान तकनीकी दक्षता में राष्ट्रीय स्तर पर अन्य रिकवरी क्षेत्र में सभी मानकों के आधार पर जहां द्वितीय स्थान प्राप्त किया, वहीं दो बार राज्य की सर्वश्रेष्ठ चीनी मिल का अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। इसी प्रकार वर्ष 2021 में चीनी मिल को राष्ट्रीय स्तर पर गन्ना विकास में प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया है। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से अपनी ड्यूटी ईमानदारी से करने तथा किसानों से साफ सुथरा गन्ना लाने का आह्वान किया।
पिराई सत्र में सबसे पहले गन्ना लाने वाले इन किसानों को किया गया सम्मानित
पिराई सत्र के शुभारंभ अवसर पर सबसे पहले गन्ना लाने वाले किसानों को भी सम्मानित किया गया। इनमें जगबीर खुराना, महेंद्र सिंह तथा मंजीत शामिल हैं। इस अवसर पर कलायत एसडीएम सत्यवान सिंह मान, भाजपा नेता आदित्य भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment